Edited By : Rakesh Singh | Aug 10, 2025, 7:03:00 AM
Bihar Flood News: बिहार में भारी बारिश और प्रमुख नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि के चलते राज्य के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गंगा, कोसी, गंडक और बागमती समेत दस नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ की चपेट में आई 200 से अधिक पंचायतों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। अब तक 19 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है और 10 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है।
गंगा नदी का जलस्तर पटना से लेकर फरक्का तक लगातार बढ़ रहा है। पटना और कहलगांव में गंगा खतरे के निशान से डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है। पुनपुन और सोन नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और मधुबनी जिलों में कई अन्य नदियों जैसे बूढ़ी गंडक, परमान, महानंदा, कमला बलान, अधवारा और घाघरा में उफान जारी है।
बाढ़ के कारण सड़कों पर पानी चढ़ जाने से कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। भागलपुर-सुल्तानगंज के बीच एनएच-80, पटना के दनियावां-बिहारशरीफ मार्ग समेत कई अन्य रूटों पर गाड़ियों का परिचालन बंद है।
भागलपुर, पटना, वैशाली और मुंगेर बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में शामिल हैं। भागलपुर जिले के गोपालपुर, इस्माइलपुर, नारायणपुर, नाथनगर, सबौर और सुल्तानगंज प्रखंड की 38 पंचायतों की करीब 1 लाख आबादी प्रभावित है। पटना के अथमलगोला, मोकामा, बाढ़, दानापुर और पटना सदर प्रखंडों की 14 पंचायतों में लगभग 91 हजार लोग बाढ़ की चपेट में हैं। वैशाली जिले की 22 पंचायतों में 1.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। मुंगेर जिले में धरहरा और मुंगेर सदर प्रखंड की 15 पंचायतों में 1.25 लाख आबादी प्रभावित बताई गई है।
इसके अलावा भोजपुर, लखीसराय, कटिहार, समस्तीपुर, मधुबनी, शेखपुरा, खगड़िया और बेगूसराय जिलों के कई गांव जलमग्न हो चुके हैं। भोजपुर जिले में शाहपुर प्रखंड की 13 पंचायतों की 34 हजार, कटिहार के चार प्रखंडों की 60 हजार, और समस्तीपुर के पटोरी अनुमंडल की 20 पंचायतों की 25 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई है।
बाढ़ के पानी में डूबने से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें पटना में 9, भागलपुर में 4, भोजपुर में 2, तथा लखीसराय, बेगूसराय, गया और कैमूर में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों ने ऊंचे स्थानों और बांधों पर शरण ली है। कई स्थानों पर पीने के पानी का संकट गहराया है और मवेशियों के लिए चारे की भारी कमी हो गई है। बेगूसराय के सिमरिया घाट, श्मशान घाट, और नमामि गंगे घाट पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं।
मधुबनी के मधेपुर प्रखंड में तरडीहा और मटरस पंचायतों में भूतही बलान नदी का पानी गांवों और सड़कों में घुस गया है, जिससे कई जगहों पर सड़कें 8 से 10 फीट तक क्षतिग्रस्त हो गई हैं। राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है, हालांकि स्थानीय लोगों को अब भी सहायता का इंतजार है।
Amrit Bharat Train: गोरखपुर के रास्ते चलेगी एक और अमृत भारत ट्रेन, छपरा से दिल्ली या अमृतसर के बीच चलाने की तैयारी
Aug 13, 2025, 8:28:00 AM
Bihar Politics: बिहार चुनाव के लिए आज से शुरू होगी कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक, टिकट के दावेदारों से होगी वन-टू-वन बात
Aug 13, 2025, 8:14:00 AM
Bihar Crime News: बिहार में खौफनाक वारदात, घर से घसीटकर दंपति पर हथौड़ी से हमला, पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर
Aug 13, 2025, 7:47:00 AM
Road Accident: राजस्थान के दौसा में भीषण सड़क हादसा, खाटूश्यामजी दर्शन से लौट रहे 10 श्रद्धालुओं की मौत
Aug 13, 2025, 7:37:00 AM
Bihar Flood News: बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे सीएम नीतीश कुमार, राहत कार्यों की लेंगे जानकारी
Aug 13, 2025, 7:25:00 AM